हाथरस। आने वाले दिनों में जिले के हजारों उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी। नलकूप और घरेलू लाइनों को अलग करने के लिए पहले चरण में 20 गांवों का चयन किया गया है। कार्यदायी संस्था ने इसके लिए योजना भी तैयार कर ली है। जल्द काम की शुरुआत होने से ओवरलोडिंग की समस्या खत्म हो जाएगी।
उल्लेखनीय है कि पं. दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण विद्युतीकरण योजना के तहत जिले के गांवों में नलकूप व घरेलू लाइन अलग करने के लिए पूर्व में योजना तैयार की गई थी, लेकिन कोरोना संक्रमण के चलते यह योजना लटक गई। इस कारण जिले के कई गांवों में यह काम अधूरा पड़ा है। अब एडीबी योजना के तहत जिले के बुढ़ाइच, सरौठ, मुरसान, भिसी मिर्जापुर, कचौरा और अल्हैपुर के केजीएम फीडर और पोरा आदि 20 गांवों में घरेलू व नलकूप लाइन को अलग करने के काम की शुरुआत होगी।
कार्यदायी संस्था ने गांवों की सूची तैयार कर ली है। इन गांवों में नलकूप व घरेलू फीडरों को अलग करने के लिए लाइनें बनाई जाएंगी। अधीक्षण अभियंता जगतराम का कहना है कि एडीबी योजना के तहत जिन गांवों में घरेलू व नलकूप की लाइन को अलग नहीं किया गया है, उन गांवों में जल्द काम की शुरुआत होगी। संवाद