प्रेमी के साथ रहने की बात नहीं बनी तो खाया जहर
कोतवाली के पास बेहोश मिली किशोरी को जिला अस्पताल में कराया भर्ती
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। एक किशोरी ने प्रेमी के साथ रहने की बात को लेकर विषाक्त का सेवन सर लिया। कोतवाली के पास बेहोशी की हालत में मिली किशोरी को पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां पर उसके परिवार के लोग भी आ गए।
कोतवाली सदर क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी 16 साल की किशोरी अपने ही मोहल्ले के एक युवक के झांसे में आ गई है। अब वह उसी के साथ रहने की जिद पर अड़ी है, जबकि इस बात का परिवार के लोग विरोध कर रहे हैं और उन्होंने किशोरी की शादी भी तय कर दी है। इसी बात से कुंद होकर किशोरी शुक्रवार की शाम को घर से निकल गई, लेकिन परिजन उसे तलाश कर अपने साथ घर ले गए।
शनिवार की सुबह बिना किसी को कुछ बताए किशोरी घर से निकल आई और जहरीली वस्तु का सेवन कर लिया, जिससे वह बेहोश होकर कोतवाली सदर के निकट टेंपो स्टैंड पर गिर गई। यह देखकर वहां काफी भीड़ लग गई। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। इसकी जानकारी मिलने पर किशोरी के परिजन अस्पताल पहुंच गए और स्वास्थ्य लाभ होने पर उसे अपने साथ घर ले गए।