संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
कलेक्ट्रेट सभागार में ईद उल अजहा (बकरीद) के मौके पर जिले में कानून एवं शांति व्यवस्था को बनाए रखने को लेकर जिलाधिकारी रमेश रंजन ने सेक्टर मजिस्ट्रेट/जोनल मजिस्ट्रेट/मजिस्ट्रेट व आरक्षित सेक्टर प्रभारियों के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों को क्षेत्रीय लोगों से संपर्क स्थापित करते हुए ईद का त्योहार शांतिपूर्ण संपन्न कराने के निर्देश दिए।
डीएम ने सभी अधिशासी अधिकारी नगर पालिका और नगर पंचायतों को नगरीय क्षेत्र में और जिला पंचायतराज अधिकारी को ग्रामीण क्षेत्र की मस्जिदों के आसपास साफ-सफाई एवं जलापूर्ति की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कुर्बानी वाले पशुओं के अवशेष को निस्तारित करने के लिए गड्ढे खोदवा लें।
जहां मंदिर और मस्जिद आसपास हैं, ऐसे स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाए। सोशल मीडिया पर विशेष रूप से नजर रखी जाए। उन्होंने अधिशासी अभियंता विद्युत को शासन द्वारा जारी दिशा निर्देशों के अनुरूप विद्युत की आपूर्ति सुचारु रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी किसी भी दशा में नहीं दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारी सुनिश्चित करें कि ध्वनि विस्तारक यंत्रों का प्रयोग निर्धारित सीमा के अंतर्गत किया जाए। पुलिस अधीक्षक (एसपी) विकास कुमार वैद्य ने बकरीद और आगामी त्योहारों के दृष्टिगत सभी सीओ, थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि अपने क्षेत्रों में मस्जिदों की संख्या और नमाज किन-किन स्थानों पर अदा की जानी हैं, उसकी पूरी सूची बना लें।
सभी छोटी-बड़ी मस्जिदों में पुलिस बल तैनात कर दें और समय-समय पर संदिग्ध स्थानों पर भ्रमण करते रहें। बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी (एडीएम) न्यायिक मोइनुल इस्लाम ने उपस्थित समस्त सेक्टर मजिस्ट्रेट,जोनल मजिस्ट्रेट, मजिस्ट्रेट व आरक्षित सेक्टर प्रभारियों को शासन द्वारा जारी किए गए निर्देशों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।