कस्बा मुरसान के निकट राजस्थान जनपद भरतपुर के कुम्हेर का रहने वाला कांवड़िया चलती ट्रैक्टर-ट्राली से गिर गया। उसे सीएचसी मुरसान से जिला अस्पताल रेफर किया गया। जहां उसकी मौत हो गई, जिसके बाद उसके साथी बिना पोस्टमार्टम के ही शव लेकर चले गए।
राजस्थान के जनपद भरतपुर के कस्बा कुम्हेर निवासी भानू (24 वर्ष) पुत्र तारा सिंह अपने साथियों के साथ ट्रैक्टर-ट्राली में सवार होकर सोरों से कांवड़ लेने जा रहे थे। रात को करीब साढ़े नौ बजे कस्बा मुरसान के निकट भानू अचानक से ट्रैक्टर-ट्राली से गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
उसके साथ उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुरसान लेकर पहुंचे। यहां से उसे गंभीर हालत में 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया। यहां पर रात को 10:55 बजे भानू पहुंचा। डॉक्टर ने उसे देखा और मृत घोषित कर दिया। जानकारी होने के बाद उसके साथ के लोग रोने लगे और फिर बिना पोस्टमार्टम कराए ही शव अपने साथ लेकर भरतपुर चले गए।