हाथरस: बजरंग दल के जिला संयोजक प्रशांत मिश्र के यहां चोरी के बाद बिखरा पड़ा सामान।
- फोटो : HATHRAS
बजरंग दल के जिला संयोजक के घर से लाखों के आभूषण चोरी
वृद्ध माता-पिता सोते रहे, अलमारी में रखे आभूषण पार कर ले गए बदमाश
संवाद न्यूज एजेंसी
हाथरस। शहर के बीचों-बीच मोहल्ला रामजी में बजरंग दल के जिला संयोजक के घर से बदमाश लाखों के आभूषण चोरी कर ले गए। सुबह जागने पर घटना की जानकारी हुई तो वहां खलबली मच गई। इस मामले में कोतवाली सदर में तहरीर दी गई है।
बजरंग दल के जिला संयोजक प्रशांत मिश्र का कोतवाली सदर क्षेत्र के रामजी द्वारा में घर में है। सोमवार की रात को प्रशांत व उनकी पत्नी मकान की ऊपरी मंजिल के हिस्से में सो रहे थे। उनके वृद्ध माता-पिता नीचे कमरे में सोए हुए थे। इस कमरे में लोहे की अलमारी में सोने-चांदी के आभूषण रखे हुए थे। अलमारी तोड़कर किसी ने उसमें रखे करीब पांच लाख रुपये के आभूषण पार कर दिए।
मंगलवार की सुबह घटना की जानकारी अलमारी को देखकर हुई, जिसे देख उनके होश उड़ गए। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। वहीं चोरी गए आभूषणों के संबंध में कोतवाली में तहरीर दी गई है। कोतवाल एके सिंह ने बताया कि चोरी के मामले में तहरीर प्राप्त हुई है, रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।