न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
शहर के मुरसान क्षेत्र में एक जेई द्वारा अवैध तरीके से 11 केवीए की लाइन को शिफ्ट कर दिया। इस मामले में मंगलवार को जेई पर गाज गिर गई। जेई का तबादला सादाबाद क्षेत्र में कर दिया गया है। अफसरों द्वारा मामले की जांच की जाएगी। कार्रवाई से बिजली महकमे के अन्य कर्मियों में खलबली मची हुई है।
उल्लेखनीय है कि रविवार को लॉकडाउन के दौरान शहर के मुरसान गेट पर एक जेई ने एक फैक्टरी के ऊपर से गुजर रही लाइन को सुबह-सुबह शिफ्ट कर दिया था। इसके बाद मामला शाम को अफसरों तक पहुंचा तो जेई ने फिर से पुरानी जगह पर लाइन शिफ्ट करना शुरू कर दिया।
राजस्व की हानि को ध्यान में रखते हुए विभागीय अफसरों ने मामले को गंभीरता से लिया। मंगलवार को जेई का तबादला सादाबाद क्षेत्र के सबस्टेशन के लिए कर दिया है। इस मामले की जांच की जाएगी। एक्सईएन सुभाष चंद्रा का कहना है कि लाइन शिफ्टिंग मामले में जेई का तबादला कर दिया गया है। उनके स्थान प्रमोद कुमार की तैनाती की गई है। मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।