संवाद न्यूज एजेंसी, सादाबाद।
नगर पंचायत क्षेत्र में हर बुधवार को लगने वाले साप्ताहिक पटरी बाजार में लोगों की जमकर भीड़ उमड़ी। अधिक भीड़ की वजह से नगर के मुख्य बाजार में पूरे दिन जाम के हालात बने रहे। पैदल राहगीरों से लेकर वाहन चालकों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। साप्ताहिक पटरी बाजार में सर्दियों के मौसम को देखते हुए लोगों ने सबसे अधिक गर्म कपड़ों की खरीदारी की।
इसके अलावा मफलर, टोपा, इनर आदि लेने के लिए भी लोगों की काफी भीड़ रही। आर्टिफिशियल ज्वेलरी की स्टॉल्स पर महिलाएं ज्वेलरी पसंद करती नजर आईं। चप्पलों से अधिक जूतों की बिक्री की गई। कुल मिलाकर बाजार में ठंड का असर देखा गया। ठंड से बचने के लिए लोग गर्म कपड़ों व अन्य सामान की खरीदारी करते देखे गए। सुबह से शाम तक बाजार में काफी भीड़ उमड़ती, इससे बाजार में जाम के हालात रहे।
नहीं बदला जा सका बुध बाजार का स्थान
पिछले दिनों हुई नगर पंचायत की बोर्ड की बैठक में भी बुधवार बाजार को लेकर चर्चा हुई थी। ईओ ने साप्ताहिक बुध बाजार लगने की जगह बदलने को लेकर सभासदों से बात की थी, जिससे बाजार में लोगों को जाम की समस्या से छुटकारा मिल सके, लेकिन अभी तक इस पर अमल नहीं हो सका है।