हार्डकॉपी नहीं पहुंचने से अटकी 4,863 बुजुर्गों की पेंशन
पेंशन पाने की बाट जोह रहे आवेदक, जिलास्तरीय कमेटी कर रही हार्डकॉपी का इंतजार
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। जिले में वृद्धावस्था पेंशन पाने के लिए अभी 4,863 आवेदक लाइन में लगे हुए हैं। ब्लॉक और तहसील स्तर से इन आवेदकों के फॉर्मों पर ऑनलाइन रिपोर्ट तो लगा दी गई हैं, लेकिन इन आवेदकों की हार्डकॉपी अभी तक समाज कल्याण विभाग में नहीं पहुंची है। इस कारण इन आवेदकों की पेंशन पर स्वीकृति की मुहर जिला स्तरीय कमेटी द्वारा नहीं लग पाई है।
शासन स्तर से विभिन्न योजनाओं के तहत पेंशन दिए जाने के लिए ऑनलाइन आवेदन किए जाते हैं। यहां जिले में अब तक समाज कल्याण विभाग की ओर से 27,728 लाभार्थियों को पेंशन दी जा रही है। अब वर्तमान में विभाग के पोर्टल पर 4,863 आवेदन लंबित चल रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि इन आवेदनकर्ताओं को तहसील व ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों व कर्मचारियों की लापरवाही के चलते पेंशन का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
इन आवेदकों के ऑनलाइन फॉर्म ब्लॉक व तहसील स्तरीय अधिकारियों द्वारा ऑनलाइन सत्यापित कर रिपोर्ट लगाकर समाज कल्याण विभाग को अग्रेसित कर दिए गए हैं, लेकिन इन फॉर्मों की हार्डकॉपी अभी तक ब्लॉक व तहसील स्तरीय अधिकारियों द्वारा जिला समाज कल्याण विभाग के कार्यालय में नहीं पहुंचाई गई हैं। इस कारण इन आवेदनों का सत्यापन जिला स्तरीय कमेटी की ओर से नहीं हो पा रहा है।
पिछले दिनों जिला स्तरीय कमेटी के सत्यापन में कई फॉर्मों में तमाम खामियां निकली थी, इस कारण अब हार्ड कॉपी के बिना आवेदनों की स्वीकृति नहीं दी जा रही है। जिला समाज कल्याण अधिकारी शिव कुमार ने बताया कि ब्लॉक व तहसीलों से हार्ड कॉपी आते ही उन फॉर्मों का परीक्षण किया जाएगा। परीक्षण उपरांत फॉर्म सही पाए जाने पर पेंशन दिए जाने के लिए डीएम की स्वीकृति ले ली जाएगी।