न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
शहर के घंटाघर पर बिजली लाइनें झूल रही हैं। झूलती लाइन से बीते दिनों हादसा होने से बाल बाल बच गया। लोगों ने इस मामले में पालिकाध्यक्ष को अवगत कराया। चेयरमैन ने डीएम से शिकायत की। मंगलवार की दोपहर को चेयरमैन ने बिजली अफसरों को लाइनों की हकीकत दिखाई। एक्सईएन ने जेई को कड़ी फटकार लगाते हुए लाइन दुरुस्त करने निर्देश दिए।
शहर के घंटाघर व आसपास के पास बिजली की तारें लाइनें काफी नीची है। पालिकाध्यक्ष आशीष शर्मा का कहना है कि बीते दिनों एक शव को लेकर कुछ लोग श्मशान जा रहे थे। शव लाइन के संपर्क में आ गया। इससे शव में करंट दौड़ गया। जिससे हादसा होने से बाल बाल बचा। इस मामले की चेयरमैन ने डीएम से शिकायत की। डीएम ने बिजली अधिकारियों को लाइनें दुरुस्त करने के लिए कहा।
इसी क्रम में मंगलवार को पालिकाध्यक्ष आशीष शर्मा, एक्सईएन शहर सुभाष चंद्र व अन्य बिजली अधिकारियों ने घंटाघर, नयागंज आदि स्थानों पर लाइनों की हकीकत परखी। इस दौरान लाइन नीची देखकर एक्सईएन का पारा चढ़ गया। एक्सईएन ने जेई को कड़ी फटकार लगाई। इसके अलावा शहर के नयागंज चौराहा पर पालिका द्वारा सौंदर्यीकरण का कार्य कराया जा रहा है। ठेकेदार ने ट्रांसफार्मरों को शिफ्ट करने के बाद वहां लगे खंभों को नहीं हटाया है। इस कारण सौंदर्यीकरण का कार्य रफ्तार नहीं पकड़ पा रहा है। एक्सईएन ने ठेकेदार को जल्द से जल्द पोल हटाने के निर्देश दिए हैं। चेयरमैन ने बिजली अफसरों को झूलती बिजली लाइनों को दुरुस्त करने के लिए कहा है।