संवाद न्यूज एजेंसी, सादाबाद।
भारतीय कला जगत में अपनी कला साधना द्वारा सामाजिक उत्थान के प्रति निरंतर प्रयासरत रहते हुए भारतीय बेटियों की शौर्य गाथा को अपनी कूची से उकेरने वाले हाथरस जनपद के प्रख्यात चित्रकार डॉ. भेद प्रकाश सिंह को अंतरराष्ट्रीय मिशन शक्ति अवार्ड 2021 से नवाजा गया है।
चित्रकार हाथरसी ने बताया कि उनके द्वारा आधुनिक दुर्गा, बेटी को उड़ान जैसी अनेक पेंटिंग्स का सृजन कर समाज में एक मिशाल पेश की गई है। अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के उपलक्ष्य में शांति फाउंडेशन मिशन शक्ति के बैनर तले समाज में बेटी बचाओ, मिशन शक्ति, महिला सशक्तिकरण व शिक्षा, सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने पर उन्हें शांति फाउंडेशन की अध्यक्ष शांति देवी एवं को-ऑर्डिनेटर सुनील कुमार आनंद द्वारा सम्मानित किया गया है। चित्रकार हाथरसी ने संस्था का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जिस दिन बेटी को जन्म के दिन मारने की प्रथा आखिरी होगी, उस दिन से हर दिन नवरात्री होगी।