हाथरस: मुरसान के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर पसरा सन्नाटा, जहां चार जमातियों को कोरोना संक्रम?
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिले में जहां-जहां जमाती ठहरे थे, उन इलाकों की स्वास्थ्य विभाग द्वारा गहनता से स्क्रीनिंग की जा रही है। चार जमातियों के कोराना संक्रमित पाए जाने के बाद से ही डब्ल्यूएचओ के मानक के आधार पर स्वास्थ्य विभाग कार्रवाई में जुट गया है। आठ जमातियों की जांच रिपोर्ट आने का सभी को इंतजार है।
सासनी के केएल जैन इंटर कॉलेज में ठहराए गए जमातियों में से अभी तक आई जांचों में चार को कोविड वन की पुष्टि हुई है, जिन्हें मुरसान के कोविड-1 अस्पताल में भर्ती करके उपचार दिया जा रहा है। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग व जिला प्रशासन के अधिकारियों का फोकस उन स्थानों पर सबसे अधिक देखने को मिल रहा है, जहां-जहां पर जमाती गए थे।
ऐसे इलाकों की डब्ल्यूएचओ के मानक के आधार पर स्क्रीनिंग कराई जा रही है। लोगों को हर तरह से लॉकडाउन का पालन करने और सामाजिक दूरी बनाने की सलाह दी जा रही है, ताकि कोरोना की जंग को जीता जा सके। सीएमओ डॉ. बृजेश राठौर ने बताया कि जिन आठ लोगों के खून के नमूने जांच के लिए भेजे गए थे, उनकी जांच रिपोर्ट अभी तक नहीं आई है।