न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
नगर पालिका परिषद में कोरोना से बचाव को लेकर बैठक हुई। बैठक में नगर पालिकाध्यक्ष आशीष शर्मा ने नगर पालिका कर्मियों को कोरोना के प्रति जागरूकता बनाने व अन्य रणनीतियों के तहत काम करने के निर्देश दिए।
बैठक में नगर पालिकाध्यक्ष ने कहा कि नगर पालिका के अधिकारी और कर्मचारी सैनिक बनकर काम करेंगे। नगर की मूलभूत समस्याओं में नगर पालिका अधिकारी व कर्मचारी अतिसंवेदनशील रहकर अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करेंगे। खाने पीने की वस्तुओं की विक्रेताओं व उपभोक्ताओं के बीच दूरी बनाए जाने के लिए सार्थक उपाय कर आवश्यक कदम उठाएं।
उन्होंने कहा कि नगर में फैल रही अव्यवस्थाओं पर रोकथाम के लिए प्रशासन के साथ मिलकर कार्ययोजना बनाएं। नगर के समस्त पेट्रोल पंप, हॉस्पिटल, राशन की दुकानें, बैंक, मेडिकल स्टोर, एवं जनता से जुड़ी दुकानों पर हाथ धोने की व्यवस्था की जाएगी। गरीबों को मिलने वाले राशन में किसी भी प्रकार की अनियमितता न हो इसके लिए राशन की दुकानों पर वितरण से जुड़े अधिकारियों के नाम व मोबाइल नंबर बड़े बड़े अक्षरों में लिखवाए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि नगर में बाजार, गली और मोहल्लों को सैनिटाइज करने का काम लगातार चलता रहेगा। इस मौके पर ईओ डॉ. विवेकानंद, देवेंद्र कुमार, संदीप भार्गव, योगेश भारद्वाज, नंद किशोर, डंबर सिंह, राम बहादुर, विजय स्वर्णकार आदि मौजूद थे।