न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
डीएम रमेश रंजन ने शिविर कार्यालय में भूमि संरक्षण विभाग, कृषि विभाग और उद्यान विभाग में संचालित योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने पात्र लाभार्थियों को तत्काल लाभान्वित करने व योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए।
डीएम ने भूमि संरक्षण अधिकारी से विभाग द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी ली। भूमि संरक्षण अधिकारी ने बताया कि विभाग द्वारा पं. दीनदयाल उपाध्याय किसान समृद्धि योजना, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, राष्ट्रीय सतत कृषि योजना और मनरेगा संचालित हैं। निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष प्रगति संतोषजनक नहीं होने पर डीएम ने नाराजगी जाहिर की और निर्धारित लक्ष्य को तत्काल पूरा कराने के निर्देश दिए।
डीएम ने उद्यान विभाग द्वारा संचालित योजनाओं के बारे में जानकारी ली। डीएचओ ने कहा कि विभाग द्वारा नवीन उद्यान रोपण, पुष्प क्षेत्र विस्तार, मसाला क्षेत्र विस्तार, पॉलिनेशन सपोर्ट प्रोग्राम, संरक्षित खेती, शंकर साग-भाजी की खेती, जैविक खेती, औद्योगिक मशीनरीकरण, लो कास्ट प्रिजर्वेशन यूनिट, मिशन मैनेजमेंट तथा प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना पर ड्रॉप मोर क्रॉप योजना के अंतर्गत ड्रिप सिंचाई, स्प्रिंकलर सिंचाई, राज्य आयुष मिशन योजना के अंतर्गत तुलसी, एलोवेरा, कालमेघ की खेती समेत विभिन्न योजनाओं का प्रचार-प्रसार एवं गोष्ठियों का आयोजन कराया जाता है।
योजनाओं में अपेक्षित सुधार करते हुए पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित करने व प्रगतिशील किसानों के साथ बैठक कर योजनाओं के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उप निदेशक कृषि एचएन सिंह, जिला कृषि अधिकारी डिपिन कुमार, जिला उद्यान अधिकारी गमपाल सिंह, भूमि संरक्षण अधिकारी इंद्रसेन नाथ, डॉ. आईपी शर्मा आदि मौजूद थे।