हाथरस : राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक लेते डीएम। संवाद
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
विधानसभा चुनाव को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी जिलाधिकारी रमेश रंजन ने शुक्रवार को राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की।
डीएम ने कहा कि चुनाव आयोग के निर्देशों के क्रम में 31 जनवरी तक कोई भी रोड शो, पदयात्रा, साइकिल रैली और बाइक रैली आदि का आयोजन किसी भी व्यक्ति विशेष या किसी भी राजनीतिक दल द्वारा नहीं होगा। इसका उल्लंघन करने की दशा में संबंधित के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। यदि चुनाव आयोग से अनुमति मिल जाती है तो समस्त विधानसभा क्षेत्रों में डेडीकेटेड ग्राउंड में ही रैलियों का आयोजन होगा।
पब्लिक रूट, किसी चौराहों व गलियों में किसी भी प्रकार की बैठक और नुक्कड़ नाटक आदि आयोजित नहीं किए जाएंगे। बैठक में अपर जिलाधिकारी न्यायिक मोहम्मद मोइनुल इस्लाम ने आदर्श आचार संहिता से संबंधित भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी किए गए निर्देशों तथा मतदान एवं मतगणना, प्रचार प्रसार, विज्ञापनों के प्रकाशन, रैलियों तथा जनसभाओं के आयोजन आदि के संबंध में विस्तार पूर्वक जानकारी दी। संवाद