न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
औद्योगिक एवं वाणिज्यिक बिजली उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है। अब उपभोक्ताआ यदि 31 जुलाई तक बकाया जमा कर देंगे तो उन्हें अगस्त के माह में फिक्स व डिमांड चार्ज में छूट मिलेगी। इसका आदेश बिजली महकमे को प्राप्त हो गया है। समय अवधि बढ़ने से जिले के काफी उपभोक्ताओं को फायदा होगा। इसी श्रेणी में करीब पंद्रह हजार उपभोक्ता को चयनित किया गया, जिसमें अभी काफी उपभोक्ता बिल जमा नहीं कर पाए हैं। इसको देखते हुए अवधि को बढ़ाया गया है।
उल्लेखनीय है कि प्रदेश सरकार से उद्यमियों ने लॉकडाउन में प्रतिष्ठान बंद रहने की बात कहते हुए पूर्व में फिक्स व डिमांड चार्ज में छूट देने की मांग की। प्रदेश सरकार ने उद्यमियों की समस्याआें को ध्यान में रखते हुए 30 जून तक बकाया जमा करने पर जुलाई माह में फिक्स व डिमांड चार्ज में छूट देने की बात कही थी। इस दौरान जिले में करीब दस हजार लोगों ने बिल जमा किया।
अब हाथरस सहित प्रदेश में काफी उद्यमी इस छूट से वंचित रह गए। उपभोक्ताओं की समस्या को ध्यान में रखते हुए ऊर्जामंत्री ने इस तिथि को बढ़ाते हुए 31 जुलाई कर दिया है। 31 जुलाई तक पूरा बिल जमा करने पर अगस्त के बिल में फिक्स व डिमांड चार्ज की छूट मिलेगी। अधीक्षण अभियंता हरीमोहन का कहना है कि अब उद्यमियों को राहत देने के लिए सरकार ने बिल जमा की तिथि को 31 जुलाई कर दिया है। पूरा बिल जमा करने पर अगस्त में फिक्स व डिमांड चार्ज में छूट मिलेगी।