हाथरस: आर्थिक सर्वे के दौरान नाई का नगला में होता हंगामा।
- फोटो : HATHRAS
शहर के मोहल्ला नाई का नगला में आर्थिक सर्वे के दौरान डेटा न दिए जाने को लेकर खासा हंगामा हुआ। इस दौरान कुछ लोगों ने सर्वे टीम का मोबाइल भी छीन लिया। सर्वे टीम ने उक्त लोगों पर अभद्रता का आरोप लगाया है। हंगामे की सूचना पर कोतवाली सदर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और मामले की छानबीन की।
शासन के निर्देश पर जिले में सातवीं आर्थिक गणना के सर्वे का काम चल रहा है। यह सर्वे मोबाइल एप के माध्यम से सीएससी के जरिये कराया जा रहा है। इस सर्वे में सीएससी संचालक को सुपरवाइजर बनाया गया है। एनुमेटरों द्वारा क्षेत्रों में भ्रमण कर सर्वे किया जा रहा है। विगत में कई स्थानों पर एनुमेटरों के साथ अभद्रता के मामले सामने आए हैं। इन मामलों पर सख्ती से कार्रवाई को लेकर पिछले दिनों डीएम प्रवीण कुमार लक्षकार ने सभी सीओ व एसडीएम को निर्देश जारी किए थे।
शनिवार को जब आर्थिक गणना के सर्वे की टीम के सदस्य प्रभात कुमार विमल व तरुण कुमार मोहल्ला नाई का नगला में पहुंचे और डेटा एकत्रित करने लगे तो क्षेत्रीय लोगों ने इसका विरोध किया और हंगामा शुरू कर दिया। टीम के सुपरवाइजर जगजीत सिंह ने बताया कि कुछ लोगों ने उनका मोबाइल छीन लिया और नाली में फेंक दिया। हंगामे को बढ़ता देख मामले की सूचना कोतवाली सदर पुलिस को दे दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच मामले की छानबीन की और हंगामे को शांत कराया। सीएससी प्रबंधक प्रदीप सिंह ने बताया कि उक्त प्रकरण के बारे में उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है।