न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
गर्मी बढ़ने के साथ जिले में बिजली सिस्टम भी लड़खड़ाने लगा है। कभी लाइन में फॉल्ट हो रहा है तो कहीं बार बार ट्रिपिंग हो रही है। शुक्रवार की सुबह 33 केवीए की बिसाना फीडर की लाइन में ट्रिपिंग आ गई। इस कारण सुबह से दोपहर तक बिजली की आंख मिचौली का खेल चला। इधर, किला गेट फीडर की लाइन में भी फॉल्ट हो गया। इस कारण दोपहर से शाम तक बिजली गुल रही। बिना बिजली के लोग जरूरी कामकाज भी नहीं कर सके।
इन दिनों सूरज की तपिश बिजली की लाइनों पर भारी पड़ रही है। तापमान 42 डिग्री पहुंच गया है। लिहाजा बिजली उपकरण भी गर्म हो रहे हैं। इस कारण कभी लाइनों में फॉल्ट हो रहे हैं तो कभी ट्रिपिंग हो रही है। उपकरणों को ठंडा करने के लिए कर्मियों को कई बार शटडाउन भी लेना पड़ रहा है। इस कारण लोगों को विद्युत आपूर्ति में बाधा झेलनी पड़ रही है। इसका खामियाजा उपभोक्ताओं को भुगतना पड़ रहा है।
शुक्रवार की सुबह बिसाना फीडर की 33 हजार केवीए की लाइन में कई बार ट्रिपिंग आई। इस कारण बिजली की आंख मिचौली का खेल सुबह से दोपहर तक जारी रहा। दोपहर को किला गेट उपकेंद्र के लिए जाने वाली लाइन में फॉल्ट हो गया। इस कारण दोपहर से शाम तक कई घंटे बिजली गुल रही। बिना बिजली के लोग जरुरी कामकाज नहीं कर सके। कर्मी फॉल्ट को दूर कर बिजली आपूर्ति को सुचारु करने में जुटे रहे। संवाद