न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
मोहल्ले की युवती से छेड़खानी का विरोध करने पर नशेबाज व्यक्ति ने शनिवार को एक युवक के सिर पर ईंट दे मारी, जिससे वह लहूलुहान हो गया। मौके पर मोहल्ले के लोगों की भीड़ लग गई। घायल के साथ काफी लोग कोतवाली पहुंच गए। यहां से उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
कोतवाली सदर इलाके के एक मोहल्ला निवासी युवक रास्ते से गुजरने वाली महिलाओं व युवतियों के साथ आए दिन छेड़खानी करता है। शनिवार को वह एक युवती के साथ छेड़खानी कर रहा था। इस बीच युवती के मोहल्ले का एक युवक वहां आ गया और उसने नशेबाज का विरोध किया।
गुस्साए नशेबाज व्यक्ति ने युवक के सिर पर ईंट दे मारी, जिससे उसका सिर फट गया। नशेबाज व्यक्ति वहां से भाग गया। मौके पर काफी भीड़ लग गई। घायल को लेकर लोग पुलिस के पास पहुंचे। संवाद