हाथरस : गांव कजरौठी में बारिश का पानी घरों में घुसने से परेशान ग्रामीण विकास खंड कार्यालय पर प्रद?
- फोटो : SADABAD
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सादाबाद (हाथरस)
गांव कजरौठी में तीन नालों के अवरुद्ध होने से बारिश का पानी घरों में घुस गया है। पानी की निकासी का इंतजाम प्रशासन द्वारा न कराए जाने से परेशान ग्रामीणों ने बृहस्पतिवार को विकास खंड कार्यालय पर नारेबाजी के बीच प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने अपनी समस्या से एडीओ पंचायत दिनेश सिंघल को भी अवगत कराया। डीएम और एसडीएम को भी पत्र सौंपकर समस्या के समाधान की मांग की।
पत्र में ग्रामीण राजवीर सिंह पुत्र केशवदेव के अलावा निरंजन सिंह, सुखवीर सिंह, वीरेंद्र सिंह, रामखिलाड़ी आदि ने बताया कि गांव कजरौठी पानी के निकास के लिए तीन नाले हैं, लेकिन तीनों ही अवरुद्ध पड़े हैं। बारिश का पानी घरों में घुस रहा है। इससे काफी परेशानी का सामना ग्रामीणों को करना पड़ रहा है।
गांव के लोगों द्वारा डीएम को पांच बार प्रार्थना पत्र भी दिए जा चुके हैं, लेकिन डीएम के आदेश के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। ग्रामीणों का कहना था कि घरों में पानी भर जाने से न ग्रामीण चैन से रह पा रहे हैं और न खा पा रहे हैं। एडीओ पंचायत द्वारा भी समस्या सुनकर ग्रामीणों को मौके पर पहुंचकर समस्या के समाधान कराए जाने का आश्वासन दिया गया।