न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोतवाली हाथरस जंक्शन के गांव दरियापुर के निकट गृह क्लेश में शुक्रवार की दोपहर को एक दंपती ने मालगाड़ी के सामने छलांग लगा दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव बरौली निवासी योगेश पुत्र मोहर सिंह ठाकुर और साधना पत्नी योगेश के बीच किसी बात को लेकर शुक्रवार की दोपहर को विवाद हो गया। इस दौरान घर पर दोनों की बीच काफी झगड़ा हुआ, जिसके बाद मोहल्ले के लोगों की भीड़ लग गई। दोनों ही ट्रेन के आगे कूद कर आत्महत्या करने की बात कहते हुए दरियापुर के निकट आ गए।
जैसे ही वहां से करीब ढाई बजे मालगाड़ी गुजरी तो दोनों ने उसके आगे छलांग लगा दी, जिससे दोनों के परखच्चे उड़ गए। घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ लग गई। सूचना के बाद मौके पर एसएचओ विनोद कुमार पुलिस फोर्स के साथ पहुंच गए। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए पोस्टमार्टम गृह भेज दिया।
बिलखती रह गई पंखुडी
योगेश व साधना पर पांच साल की बेटी है। इनकी शादी करीब आठ साल पहले हुई थी। मां-बाप के विवाद के दौरान पांच साल की बेटी पंखुड़ी रो रही थी, लेकिन उसे यह नहीं पता था कि उसके सिर से इतनी सी उम्र में मां-बाप का साया नहीं रहेगा।
गृहक्लेश के चलते बरौली निवासी दंपती में विवाद हो गया। दोनों ने मालगाड़ी के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली है। दोनों शवों को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
-विनोद कुमार यादव, एसएचओ कोतवाली हाथरस जंक्शन।