न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोतवाली सदर इलाके की कांशीराम कॉलोनी के पीछे खेत में मिले शव की शिनाख्त तीसरे दिन हुई। सीयल कॉलोनी संत बगीची के लोगों ने पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंचकर शव की शिनाख्त जितेंद्र सिंह के रूप में की। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
उल्लेखनीय है कि बृहस्पतिवार की देर शाम को शहर की जलेसर रोड स्थित कांशीराम कॉलोनी के पीछे एक अज्ञात युवक का शव आलू के खेत में पड़ा लोगों ने देखा तो वहां भीड़ लग गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भेजा। पुलिस शव की शिनाख्त को लेकर लोगों से संपर्क कर रही थी। इसी बीच जानकारी मिली कि जितेंद्र सिंह पुत्र श्री राम निवासी सीयल कॉलोनी संत आश्रम बगीची भी कई दिनों से गायब है।
परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और शव की शिनाख्त जितेंद्र सिंह के रूप में की। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया। कोतवाली सदर प्रभारी ने बताया कि परिजनों ने जानकारी दी है कि मृतक नशा करता था। जिसके कारण वह कई-कई दिनों तक घर से गायब रहता था। संवाद