न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति को अपनी ही पत्नी से जान का खतरा है। पति का कहना है कि उसकी पत्नी के पड़ोस के युवक से संबंध हो गए हैं और वह अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर सकती है। पुलिस तहरीर के आधार पर मामले की छानबीन में जुट गई है।
पुलिस से की गई शिकायत में पति ने कहा है कि उसकी पत्नी का मोहल्ले के युवक से अवैध संबंध है, जिसके चलते वह युवक उसके घर से कई बार जेवर आदि ले गया है। आरोप है पत्नी अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति को मारने की योजना बना रही है।
उस युवक ने पत्नी को कोई नशीला दवा लाकर दी है, जिसे पत्नी हर दिन दूध में मिलाकर पति को दे देती है। इसके अलावा पति ने शिकायत में यह भी कहा है कि पत्नी व उसके मोहल्ले के बीच हुईं बातों की ऑडियो रिकार्डिंग भी है। तहरीर पर पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।