संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
दहेज की खातिर महिला के साथ मारपीट कर उसका सिर मुंडवाने वाले पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। ससुरालवालों ने बेरहमी से मारपीट करने के बाद महिला का सिर मुंडवाकर पूरे मोहल्ले में घुमाया था।
हाथरस गेट क्षेत्र के एक गांव की महिला की शादी सात साल पहले अलीगढ़ के अकराबाद क्षेत्र में हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुरालवाले दहेज की मांग को लेकर उसका उत्पीड़न करने लगे थे। 14 अप्रैल को ससुरालवालों ने महिला के साथ मारपीट की।
पति ने महिला के सिर के बाल काटकर उसे पूरे मोहल्ले में घुमाया। उसके बाद महिला को अलीगढ़ रोड पर नहर के निकट बेहोशी की हालत में छोड़ गए । महिला को उसके परिजन बेहोशी की अवस्था में लेकर आए। परिजनों ने मामले की शिकायत एसपी से की।
उसके बाद महिला थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। पति अलीमुद्दीन सहित 10 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। अलीगढ़ पुलिस के सहयोग से महिला थाना पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।