संवाद न्यूज एजेंसी, सादाबाद।
सादाबाद कस्बे के मुरसान रोड स्थित पूर्व विधायक प्रताप चौधरी के कोल्ड स्टोर परिसर में मंगलवार को विशाल किसान महापंचायत का आयोजन किया जाएगा। इसमें हजारों किसान ट्रैक्टर-ट्रॉलियों व अन्य वाहनों के जरिए पहुंचेंगे। महापंचायत को सफल बनाने के लिए सोमवार को पूर्व विधायक प्रताप चौधरी ने हाथरस जिले के कई गांव में किसानों से जनसंपर्क किया और उनसे अधिकाधिक संख्या में पहुंचकर महापंचायत को सफल बनाने का आह्वान किया।
पूर्व विधायक प्रताप चौधरी ने क्षेत्र के गांव सलेमपुर, नगला विसी, उघई , नगला दली, नगला कोड़ा, समदपुर, महावतपुर,गोल नगर, बहादुरपुर, बीजलपुर, नगला मंशा, नगला हीरा, नगला चौधरी, नगला घनी, नगला बड़ा, पीरामई सहित कई अन्य गांवों में पहुंचकर किसानों को बताया कि सादाबाद में होने वाली किसान महापंचायत एतिहासिक होगी।
इसमें हाथरस जनपद से ही नहीं, बल्कि आसपास के जिलों से भी हजारों की संख्या में किसान सहभागिता करेंगे। पूर्व विधायक ने कहा कि भाजपा सरकार किसानों को बर्बाद करने पर तुली हुई है। किसानों की आवाज को सत्ता के सहारे दबाया जा रहा है। मौके पर निरंजन सिंह शास्त्री, सचिन पचहरा, महिपाल सिंह, बहादुर सिंह, देवेंद्र यादव, लायक सिंह, मनोज आदि मौजूद रहे।