न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
स्थानीय आगरा रोड पर चंदपा कोतवाली क्षेत्रान्तर्गत गांव अनीगढ़ी के निकट एक दर्दनाक हादसा हुआ। नई नवेली दुल्हन को विदा ( पग फेरा) के लिए उसके मायके लेकर जा रहे कुछ लोगों की मारुति वैन को ईको कार ने टक्कर मार दी। दोनों गाड़ियों के टकराने के बाद मारुति वैन अनियंत्रित होकर कई बार पलटी और उसमें आग लग गई।
इस दर्दनाक हादसे में दो जलती हुई वैन में फंसकर जिंदा जल गए, जबकि एक ही वैन से बाहर निकलने की कोशिश में सड़क पर गिरकर मौत हो गई। दूल्हा-दुल्हन सहित चार लोग घायल हो गए। घायल दुल्हन को जिला अस्पताल से रैफर कर दिया गया है। हादसे के बाद धूं-धूं कर जली मारुति वैन की आग को दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर बुझाया। इस दौरान काफी देर एनएच पर जाम भी लगा रहा। घटनास्थल पर डीएम प्रवीण कुमार लक्षकार व एसपी विक्रांत वीर भी पहुंच गए और घटना को लेकर जानकारी हासिल की। घटनास्थल पर काफी देर तक चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल रहा।
कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के गांव नगला तंदुला निवासी धीरज पुत्र रूपकिशोर की 29 जून 2020 को सहपऊ क्षेत्र के गांव धांधऊ निवासी डौली से शादी हुई है। शुक्रवार को धीरज अपनी पत्नी डौली व कुछ रिश्तेदारों के साथ ससुराल पक फेरे के लिए जा रहा था। उसके साथ उसका भाई मुकुल, जीजा अनिल (32 वर्ष) पुत्र बनवारी लाल व चंद्रवीर पुत्र मेघश्याम निवासीगण दाऊजी मथुरा, रामू (25 वर्ष) निवासी कुंवरजी नगला और वैन चालक लखन (22 वर्ष) पुत्र शिवशंकर निवासी नगला तुदंला भी थे। जैसे ही वैन अनीगढ़ी के निकट पहुंची तो सामने से आ रही ईको कार ने वैन में टक्कर मार दी। जिससे वैन में आग लग गई। आग लगते ही अफरा-तफरी मच गई।
वैन में सवार सभी लोग चीख-पुकार मचाने लगे और वहां से बाहर निकलने का प्रयास करने लगे। इसी बीच अनिल (32 वर्ष) ने गाड़ी ने जब गाड़ी का दरवाजा खोल बाहर निकलने की कोशिश की तो वह सड़क पर गिर गया और उसकी मौत हो गई। तब तक वैन में लगी आग विकराल रूप ले चुकी थी। लखन व रामू को छोड अन्य लोग तो वहां मौजूद राहगीरों व ग्रामीणों की मदद से बाहर निकल आए लेकिन वैन चालक लखन व रामू वैन में फंस गए और दोनों जिंदा जल गए। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची दमकल ने आग पर काबू पाया। जिसके बाद आग में मृत युवकों के वैन में फंसे शवों को निकाला गया। तीनों शवों को पुलिस द्वारा पोस्टमार्टम हाउस भिजवाया गया। वहीं चारों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। वहां से नवविवाहिता डौली को रेफर कर दिया गया।
ईको गाड़ी की टक्कर से वैन में आग लग गई। जिसमें तीन लोगों की मौत हुई है। वहीं इस हादसे में घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस मामले में नियमानुसार कार्रवाई कराई जा रही है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं।
विक्रांत वीर, पुलिस अधीक्षक हाथरस।