डिस्ट्रिक्ट कांट्रैक्ट सेंटर पर कार्यरत कर्मी। संवाद
- फोटो : HATHRAS
संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
हैलो, मैं आगरा से बोल रहा हूं। मतदाता सूची संबंधी जानकारी लेनी हैं। यह कॉल पहुंची कलेक्ट्रेट में स्थित डिस्ट्रिक्ट कांटैक्ट सेंटर पर रात 11 बजे। हैरानी की बात यह रही कि यह कॉल खुद जिला निर्वाचन अधिकारी व डीएम रमेश रंजन ने अपने नंबर से की थी।
इस कॉल के जरिए डीएम ने 1950 नंबर के क्रियाशील होने के बारे में जानकारी ली। सेंटर में तैनात ऑपरेटर ने कॉल उठाकर पूरी जानकारी हासिल की। इस दौरान ऑपरेटर ने जानकारी देकर डीएम रमेश रंजन को संतुष्ट किया।
उल्लेखनीय है कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश के क्रम में कलेक्ट्रेट में मतदाताओं के निर्वाचन संबंधी जानकारी दिए जाने के लिए कांटैक्ट सेंटर स्थापित किया गया है। इसमें शिफ्टवार कर्मचारियों को तैनात किया गया है। इसकी निगरानी के लिए सहायक नोडल अधिकारी भी नामित किए गए हैं। यह कांटैक्ट सेंटर 24 घंटे संचालित रहता है।
सेंटर की क्रियाशीलता चेक करने के लिए डीएम रमेश रंजन ने खुद मतदाता बनकर कॉल की। फोन के उठने व जानकारी मिलने पर डीएम रमेश रंजन ने खुशी जाहिर की। हैरानी की बात यह रही कि सेंटर पर तैनात कर्मचारियों की इस बात की जानकारी सुबह हो सकी कि रात 11 बजे आने वाली कॉल पर खुद जिलाधिकारी थे।