हाथरस: गांव कुकटई में लार्वा की जांच करते जिला मलेरिया अधिकारी व जिला संक्रामक रोग अधिकारी।
- फोटो : SADABAD
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सादाबाद (हाथरस)
क्षेत्र के गांव कुकटई में बुखार से महिला की मौत के बाद स्वास्थ्य महकमे में खलबली मच गई है। रविवार को जिला मलेरिया अधिकारी मुकेश जौहरी और जिला संक्रामक रोग अधिकारी डॉ. पवन कुमार ने गांव का दौरा किया। इन अधिकारियों की देखरेख में गांव में फिर से स्वास्थ्य शिविर लगाया गया। पूरे गांव में एंटी लार्वा दवा का छिड़काव किया गया। गांव से बुखार पीड़ित नौ मरीजों को एंबुलेंस के जरिये सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां इन मरीजों का उपचार जारी है।
गौरतलब हो कि गांव कुकटई में पिछले कई दिनों से लगातार बुखार का प्रकोप है। गांव में बुखार पीड़ितों की संख्या में वृद्धि होती जा रही है। काफी लोग अपना उपचार आगरा के निजी अस्पतालों में करा रहे हैं। आगरा की निजी लैबों पर कराई गई खून की जांच में भी कई लोगों को डेंगू कन्फर्म हो चुका है। सर्दी, जुकाम और खुजली से पीड़ितों की संख्या काफी है। जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. मुकेश जौहरी और जिला संक्रामक रोग अधिकारी डॉ. पवन कुमार ने बताया कि शनिवार को गांव में वेदवती नाम की महिला की मौत हो गई थी।
वेदवती को पहले से लिवर की बीमारी थी। रविवार को स्वास्थ्य महकमे की टीम द्वारा लगाए गए शिविर में 32 मरीजों का इलाज किया गया, जिनमें नौ मरीज बुखार से पीड़ित निकले। इनको उपचार के लिए सादाबाद सीएचसी पर भर्ती कराया गया है। पूरे गांव में एंटी लार्वा दवा का छिड़काव कराया गया है। लोगों को बदल रहे मौसम में अपने खान पान और रहन सहन को सुधारने और आसपास सफाई रखने के लिए जागरूक किया गया है। शिविर में डॉ. मनीष कुमार, चंद्रपाल सिंह आदि मौजूद रहे।