न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस (सासनी)
कोरोना संक्रमित की आशंका पर बृहस्पतिवार को इगलास रोड से एक व्यक्ति तथा नगला जहरू से पत्नी सहित एक व्यक्ति व उनकी दो बेटियों को सीमेक्स इंटरनेशनल स्कूल में बने क्वारंटीन सेंटर में दाखिल कराया गया। संदिग्ध की सूचना पर क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
दरअसल, संबंधित क्षेत्र के किसी व्यक्ति ने कंट्रोल रूम में सूचना दी कि इगलास रोड स्थित शास्त्री नगर में एक व्यक्ति दिनेश पुत्र संतोष मुंबई से आया है। उसे सर्दी, खांसी, जुकाम के लक्षण हैं। वहीं, नगला जहरू निवासी हर्षवर्धन एवं उसकी पत्नी व दो बच्चियां नोएडा में रहते थे। वर्तमान में वे गांव आए हुए थे।
उन्हें भी इसी प्रकार के लक्षण है। कंट्रोल रूम से यह सूचना मिलते ही जिला प्रशासन हरकत में आया। तत्काल स्वास्थ्य विभाग को सूचित किया। स्वास्थ्य केन्द्र प्रभारी डॉ प्रदीप रावत के नेतृत्व में गठित टीम ने संदिग्ध लोगों को पकड़ कर क्वारंटीन कर दिया। इसकी पुष्टि डॉ प्रदीप रावत ने की है।