न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
पूरे शहर में रविवार की सुबह से धुंध छाई रही। इसके कारण वाहन चालकों के साथ साथ राहगीरों को भी दिक्कत का सामना करना पड़ा। लोगों में इस धुंध को लेकर अजीब सा डर भी देखने को मिला। प्रदूषण विभाग के अधिकारी इस धुंध को लेकर अंजान दिखे।
रविवार की सुबह से शहर भर में धुंध छाई रही। शाम तक यह धुंध पूरे शहर में देखने को मिली। सुबह लोग जब अपने घरों से निकले तो देखा कि धुआं फैला हुआ है, लेकिन कुछ देर बाद जब धुआं नहीं हटा तो समझ में आया कि यह धुंध है। धुंध को लेकर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। वाहन चालकों को भी इस धुंध के बीच वाहन चलाने में काफी दिक्कत हुई।
वहीं राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। कोरोना महामारी के बीच इस धुंध ने लोगों में डर बैठा दिया है। इस धुंध की कसक आंखों में भी महसूस हो रही है। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों का कहना है कि धुंध होने की वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हो सकी है। अभी तक इस धुंध के कोई कण भी सामने नहीं आए हैं।