न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
अन्य प्रांतों में फंसे कामगार अपने जिले में लौटने पर सरकार का शुक्रिया तो अदा कर रहे हैं, लेकिन साथ ही वह लॉकडाउन की अवधि में बीते दिनों को भी नहीं भूल पा रहे हैं। हालांकि जिले में हरियाणा से वापस आए लोगों का कहना है कि कम से कम हम अब अपने जिले में तो पहुंच ही गए हैं लेकिन लोगों में अपने परिजनों के बीच पहुंचने की भी जल्द है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से सभी का स्वास्थ्य चेकअप भी कराया जा रहा है, ताकि यह लोग जल्द ही क्वारंटीन सेंटरों से घर पहुंच सकें।
हरियाणा के मशरुम की फैक्टरी में काम करने वाले अनिल का कहना है कि 29 मार्च को अपने घर के लिए निकला था। कुछ ही दूर चलने के बाद पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया और वहां क्वारंटीन सेंटर में रखवा दिया गया। 29 मार्च से अब तक वह वहीं रह रहा था, अब उत्तर प्रदेश सरकार के आदेश के बाद वहां क्वारंटीन से सेंटर से निकासी हुई तो यहां क्वारंटीन सेंटर में लाकर रख दिया गया है।
-अनिल निवासी राजनगर
हरियाणा की एक फैक्टरी में कामगार राजेंद्र का कहना है कि पिछले एक माह से क्वारंटीन सेंटर में ही रह रहे हैं। परिजनों से मिलने का इंतजार है। वहां क्वारंटीन सेंटर से निकले तो यहां के क्वारंटीन सेंटर में रख दिया गया है, जबकि हरियाणा सरकार द्वारा भी हमारा स्वास्थ्य चेकअप करा लिया गया है और हमें स्वास्थ्य प्रमाण पत्र भी मुहैया करा दिया गया है।
-राजेंद्र निवासी हाथरस जंक्शन
अनिल।- फोटो : HATHRAS