न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सिकंदराराऊ (हाथरस)
26 दिन आइसोलेशन में रहने के बाद नगर की विभिन्न मस्जिदों और मदरसों में रह रहे 33 जमातियों को रविवार को रोडवेज बसों से फरीदाबाद (हरियाणा) के लिए रवाना किया गया।
बता दें कि एक अप्रैल को नगर की विभिन्न मस्जिदों मदरसों से 33 हरियाणा के जमातियों को जीटी रोड स्थित केजीएन डिग्री कॉलेज में आइसोलेट किया गया था। 26 दिन रहने के बाद इन सभी को रविवार की शाम को पांच बजे रोडवेज बस द्वारा फरीदाबाद के लिए रवाना कर दिया गया। अब केजीएन डिग्री कॉलेज में 13 लोग बाकी रह गए हैं। ये वो लोग हैं, जोकि नोएडा, गाजियाबाद से अपने घरों के लिए वापस लौटे थे और प्रशासन ने एहतियातन इनको केजीएन डिग्री कॉलेज में बने क्वारंटीन सेंटर में रखवा दिया था।
एसडीएम विजय कुमार शर्मा का कहना है कि इन जमातियों को कई दिन पहले से ही भेजने की प्रक्रिया शुरू हो गई थी, लेकिन हरियाणा सरकार से हरी झंडी नहीं मिलने के कारण इनको भेजने में देरी हुई है। जो जमाती फरीदाबाद भेजे गए हैं, वह नगर की मस्जिदों और मदरसों में ठहरे हुए थे और प्रशासन ने वहां से ही इनको पकड़कर केजीएन डिग्री कॉलेज में आइसोलेट किया था।