न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
मोबाइल फोन लेकर भाग रहे शातिर व्यक्ति को लोगों ने दबोच लिया। उसकी जमकर पिटाई की और पुलिस के हवाले कर दिया। कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के गांव नगला उम्मेद निवासी मिलन हाथरस जंक्शन कस्बा में काम करता है। वह जंक्शन से सोमवार की देर शाम को ऑटो रिक्शा से हाथरस आ रहा था।
उसके साथ एक युवक और बैठा। दोनों ऑटो से हाथरस उतरे। इस बीच मिलन से इस युवक ने बात करने के लिए मोबाइल फोन ले लिया। बात करते-करते शातिर युवक का फोन लेकर भागने लगा। मिलन उसके पीछे पीछे और शातिर व्यक्ति आगे-आगे। शातिर व्यक्ति जिला अस्पताल परिसर से होते हुए राम दरबार मंदिर की ओर भागने लगा।
इस बीच लोगों ने बाइकों से उसका पीछा शुरू कर दिया। श्रीनगर के निकट शातिर व्यक्ति को लोगों ने दबोच लिया और फिर उसकी जमकर पिटाई की। यहां पुलिस पहुंच गई। पुलिस शातिर व्यक्ति को अपने साथ थाने ले गई। संवाद