संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
तपती गर्मी में पानी के बगैर रहने की सोचना भी बेमानी है। शहर के वार्ड संख्या 24 के करीब चार हजार लोग वर्तमान में पानी के संकट से जूझ रहे हैं। वार्ड में कई हैंडपंप खराब हैं। कई इलाकों में अमृत योजना के तहत पाइप लाइन भी नहीं डाली गई है। जिन इलाकों में पाइप लाइन डल भी चुकी है तो वहां भी लोगों को पानी के कनेक्शन नहीं मिले हैं। इस कारण लोगों को पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है।
शहर के वार्ड संख्या 24 में रमनपुर, नवल नगर, गिर्राज कॉलोनी, बसंत बाग, चित्रगुप्त नगर, साकेत कॉलोनी, मुंशी गजाधर सिंह मार्ग आदि इलाके आते हैं। इन इलाकों में वर्तमान में 25 हैंडपंप लगे हैं। इनमें से आठ हैंडपंप खराब हैं।
अमृत योजना के तहत गिर्राज कालोनी, साकेत कॉलोनी, बसंत बाग आदि इलाकों में अभी तक पानी के लिए पाइप लाइन नहीं डाली गई है। जिन इलाकों में पाइप लाइन डाल दी गई है, वहां बड़ी संख्या में लोगों को जल निगम द्वारा आज तक पानी के कनेक्शन ही नहीं दिए गए हैं। इस कारण लोगों को पीने के पानी के लिए भटकना पड़ रहा है।
हमारे वार्ड में काफी हैंडपंप खराब हालत में हैं। अमृत योजना के तहत पाइप लाइन डाली गई है। इस कारण गर्मियों में जल संकट से जूझना पड़ रहा है। इस ओर अधिकारी ध्यान दें, ताकि नागरिकों को पर्याप्त पानी मिल सके।
-भगवती प्रसाद
- अभी तक बसंत बाग इलाके में पाइप लाइन बिछाने का काम शुरू ही नहीं हुआ है। काम में हीलाहवाली के कारण नल से जल का सपना आज भी अधूरा है। अगर यह योजना कारगर होती तो लोग पानी के लिए परेशान नहीं होते।
- प्रदीप सिंह
- मेरे वार्ड में वर्तमान में 25 हैंडपंप हैं। इसमें से आठ हैंडपंप खराब हैं। खास बात यह है कि साकेत कॉलोनी और गिर्राज कॉलोनी आदि इलाकों में अभी तक पानी की लाइन ही नहीं डाली गई है। जिन इलाकों में पाइप लाइन डाल दी गई है, उनमें अभी तक कनेक्शन नहीं दिए गए हैं। लोगों को गर्मी में काफी परेशानी हो रही है।
- अंजली शर्मा, सभासद
- हैंडपंप खराब होने की जहां से भी शिकायत मिल रहीं हैं, वहां टीम भेजकर इनको दुरुस्त कराया जा रहा है। हैंडपंप की मरम्मत का काम तेजी से जारी है। गर्मी में लोगों पानी उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
-सोमप्रकाश, सहायक अभियंता जलकल