न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
फेसबुक आईडी हैक कर हैकर द्वारा कई लोगों से रुपये मांगने का मामला सामने आया है। इसकी जानकारी पुलिस की साइबर सेल को दी गई।
स्थानीय सासनी गेट निवासी वरिष्ठ पत्रकार अतुल नारायन कुलश्रेष्ठ के नाम से फेसबुक आईडी है। काफी समय पहले अतुल नारायण के नाम से थी, जिसे उन्होंने काफी समय से देखा भी नहीं है। शुक्रवार की दोपहर को किसी व्यक्ति ने उनकी फेसबुक आईडी को हैक कर लिया और फिर उनके मित्रों से उनके नाम से रुपये मांगने लगा। हैकर ने अतुल नारायण कुलश्रेष्ठ के मित्रों के पास मैसेज करना शुरू किया, जिसमें उसने सबसे पहले हालचाल पूछा और फिर कहने लगा कि आपकी छोटी सी मदद चाहिए।
इस मैसेज को पढ़ने वाले ने जब कहा कि क्या तो हैकर ने कहा कि अर्जेंट में कुछ पैसे चाहिए। सुबह दस बजे वापस कर दूंगा। हैकर ने अलग अलग लोगों को मैसेज कर अलग अलग धनराशि मांगी, जिसमें हैकर ने किसी से 15 हजार, किसी से 20 हजार, किसी से 25 हजार तो किसी से 50 हजार रुपये मांगे। लोगों ने अतुल को फोन कर जानकारी दी, जिसके बाद पता चला कि कोई उनकी फेसबुक आईडी को हैक कर लोगों से ठगी करने का प्रयास कर रहा है। इस संबंध में साइबर सेल प्रभारी सुबोध मान को फोन कर पूरे मामले की जानकारी देते हुए उक्त फेसबुक आईडी को ब्लॉक करने को कहा गया है।