सासनी: छज्जा गिरने से दादी और नाती की मौत पर विलाप करते परिजन।
- फोटो : SASNI
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सासनी (हाथरस)
कस्बा के मोहल्ला खटीकान में सोमवार की देर रात छज्जा गिरने से घायल मासूम विकास एवं उसकी दादी कमला ने दम तोड़ दिया। विकास (08 वर्ष) की मौत सोमवार की देर रात को ही गई, जबकि दादी कमला (60 वर्ष) ने भी मंगलवार की सुबह उपचार के दौरान के दौरान दम तोड़ दिया। दोनों की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। बेहद गमगीन माहौल में दोनों के शवों का अंतिम संस्कार कर दिया गया। घर पर सांत्वना देने वालों का तांता लगा हुआ है।
दरअसल, मोहल्ला खटीकान निवासी प्रेमवती पत्नी छीतरमल सोमवार की देर रात बिजली नहीं होने के कारण मकान के बाहर बने चबूतरे पर बैठी हुई थीं। गर्मी के कारण प्रेमवती की पड़ोसन कमला और उनका नाती विकास पुत्र सोनू और पड़ोस का दस वर्षीय बच्चा शशांक भी खेलने के लिए चबूतरे पर आ गए। तभी अचानक छज्जा गिर गया, जिससे चबूतरे पर खेल रहे दोनों बच्चे एवं महिलाएं घायल हो गईं थी।
हादसे के बाद मौके पर मची चीख-पुकार सुनकर काफी लोग जमा हो गए। आनन-फानन घायलों को लेकर कस्बा के स्वास्थ्य केंद्र पर आए। हालत गंभीर होने के कारण विकास एवं उसकी दादी कमला व शशांक को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया। देर रात उपचार के दौरान विकास की मौत हो गई। जबकि दादी कमला की भी उपचार के दौरान मौत मंगलवार को हो गई है।