न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोरोना महामारी के दौर में सोने की खरीदारी कम हुई तो इसके दाम भी गिर गए। अब सहालगों के चलते सोने की खरीदारी शुरू हुई तो इसके दाम फिर उछल गए हैं। अप्रैल में सोने के दाम 44 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम पर टिके रहे। अब जून के महीने में सोने के दाम 50 हजार तीन सौ रुपये प्रति 10 ग्राम पहुंच गए हैं। इस कारण शादियों के लिए लोगों को सोने के जेवर खरीदने में जेब ढीली करनी पड़ रही है।
बुरे वक्त में साथ देने वाला सोना अब अनलॉक शुरू होते ही फिर चमकने लगा है। कोरोना काल में लोगों के पास पैसे की कमी हो गई तो इस कारण अधिकांश लोगों ने सोना खरीदा कम, बेचा ज्यादा था। लोगों ने इस पैसे से अपनी पारिवारिक जरूरतों को पूरा किया।
अब अनलॉक होने के बाद जून व जुलाई में सहालगों की शुरुआत होने के साथ ही सोने की मांग फिर बढ़ गई है। जिस सोना के दाम अप्रैल महीने में लॉकडाउन के दौरान में 44 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम थे, उसके दाम वर्तमान में 50,350 रुपये प्रति दस ग्राम पर पहुंच गए हैं। सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष मोहनलाल सराफ का कहना है कि दाम बढ़ने से सोने के जेवरों की खरीदारी पर असर पड़ेगा।