न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल के महाप्रबंधक प्रमोद कुमार ने किला स्टेशन व हाथरस जंक्शन रेलवे स्टेशन का शुक्रवार की देर शाम को निरीक्षण किया। हाथरस जंक्शन रेलवे स्टेशन पर उन्होंने यात्रियों को दी जाने वाली मूलभूत सुविधाओं का हाल जाना। इसके अलावा बुकिंग काउंटर, स्टेशन में बने यार्ड, निकास द्वार आदि का हाल जाना। इस दौरान जिले के जनप्रतिनिधियों ने जीएम को विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन भी सौंपा। जीएम ने सभी समस्याओं पर विचार करने का आश्वासन दिया। हाथरस किला के बाद देर रात हाथरस जंक्शन रेलवे स्टेशन का भी जीएम ने निरीक्षण किया। वहां अग्निशमन यंत्र देखे और सफाई का भी निरीक्षण किया।
उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल के जीएम प्रमोद कुमार शुक्रवार की शाम साढ़े सात बजे के लगभग स्पेशल ट्रेन से हाथरस किला रेलवे स्टेशन पहुंचे। इस दौरान उन्होंने वहां लगी पानी की टोटियों को चेक किया। इसके अलावा दिव्यांग के लिए बने शौचालय आदि बेंच को देखा। रेलवे स्टेशन पर बने माल गोदाम को देखा। स्टेशन के निकट ट्रेन के गुजराने के दौरान फाटक को बंद करने की बात कही। इसके अलावा स्टेशन के निकास द्वारा बोर्ड लगवाने के निर्देश दिए। जीएम ने हाथरस जंक्शन रेलवे स्टेशन पर लोगों से बात की। लोगों ने कुछ ट्रेनों के ठहराव की मांग की। जीएम ने अधिकारियों को स्टेशन पर यात्री सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्टेशन के अधिकारियों के साथ बैठक की और जरूरी निर्देश भी दिए।
दो गाड़ियां चलती हैं, उस हिसाब से हैं सुविधाएं
हाथरस। जीएम ने कहा कि हाथरस किला रेलवे स्टेशन से वर्तमान में दो ट्रेनों का संचालन हो रहा है। इस पर जीएम ने कहा यहां जिस हिसाब से गाड़ियां चल रही हैं, उस हिसाब से यहां पर्याप्त सुविधाएं हैं। साथ ही निकास द्वारा तक द्वारा माल गोदाम के रैक उतरने आदि के पाइंटों का बारीकी से निरीक्षण किया। संवाद
स्टेशन पर कैंटीन खुलवाने और सौंदर्यीकरण कराने की मांग
सांसद राजवीर दिलेर की पत्नी रजनी दिलेर ने जीएम प्रमोद कुमार से कहा कि यहां पहले कैंटीन का संचालन होता था। हाथरस किला स्टेशन फिर से कैंटीन की सुविधा यात्रियों को दी जाए। यहां एक कैंटीन खुलवाई जाए, ताकि यहां आने वाले यात्रियों को राहत मिल सके। नगर पालिकाध्यक्ष आशीष शर्मा ने जीएम को ज्ञापन सौंपते हुए मांग की अलीगढ़ में जो गाड़ियां रात्रि में खड़ी रहती हैं, उनको यहां से संचालित किया जाए। इसके अलावा चेयरमैन ने किला स्टेशन का आधुनिक जीर्णोद्धार कराने, स्टेशन पर सुज्जित रिटायरिंग रूम, हाथरस से वैष्णो देवी, उदयपुर, जयपुर के लिए सीधे ट्रेन संचालित किए जाने की मांग रखी। इसके अलावा रामगोपाल दीक्षित ने हाथरस जंक्शन स्टेशन से संचालित होने वाली गाड़ियों को पुन चालू कराने की मांग की। नगर पालिकाध्यक्ष ने जीएम को हाथरस की रबड़ी और हींग भेंट की। इस मौके पर भाजपा के शहराध्यक्ष शरद माहेश्वरी, सांसद प्रतिनिधि मनीष शर्मा, राजेश गुड्डू व एसएस पवन कुमार आदि मौजूद थे।