हाथरस: विभव नगर में सफाई अभियान चलाते नगर पालिकाध्यक्ष आशीष शर्मा व पलिका की टीम।
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
शहर में सफाई कार्य को लेकर अब एसडीएम सदर ने नगर पालिका परिषद के साथ मिलकर कांबिंग ऑपरेशन चलाने को लेकर रूपरेखा तैयार की है। इसके तहत शहर में 22 ऐसे स्थलों का चयन किया गया है। जिन स्थलों पर लंबे अरसे से कूड़ा डाला जाता है, उन स्थलों की सफाई कराई जाएगी। इन डलाबघरों को शहर में समाप्त किया जाएगा। वहीं वार्डवार अब सफाईकर्मियों का क्षेत्र निर्धारण भी किया जा रहा है। निरीक्षण में गंदगी मिलने पर संबंधित सफाईकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
शहर में सफाई व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने नगर पालिका परिषद के साथ मिलकर कांबिंग ऑपरेशन शुरू किया है। इस ऑपरेशन के तहत शहर को सफाई मुक्त किया जाएगा और जन सहभागिता भी ली जाएगी। सफाई कार्य के दौरान अड़चन पैदा करने वालों से भी सख्ती से निपटा जाएगा। एसडीएम सदर प्रेमप्रकाश मीणा ने बताया कि शहर के वार्ड में अब गली वार सफाई कार्य के लिए सफाईकर्मियों का निर्धारण किया गया है। सफाईकर्मी द्वारा अपने निर्धारित क्षेत्र में सफाई कार्य किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि अब सफाईकर्मियों को गलीवार सफाई किए जाने के लिए निर्धारित कर दिया गया है। इस दौरान गंदगी मिलने पर सफाईकर्मी की जिम्मेदारी तय की जाएगी। शहर में 22 ऐसे स्थल चिन्हित किए गए हैं, जो लोगों ने कूड़ा डालकर डलाबघर बना दिए हैं। यह स्थल आबादी व शहर के बीच इलाकों में हैं। इन स्थलों पर सफाई कार्य कराकर कूड़ा हटवाया जाएगा। कूडे़ डालने पर कार्रवाई व जुर्माना लगाया जाएगा। इस काम में जन सहभागिता भी ली जाएगी।
गोशालाओं को शहर से बाहर ले जाएंगे
एसडीएम सदर प्रेमप्रकाश मीणा ने बताया कि शासनादेश के अनुसार शहरी क्षेत्रों व आबादी में गोशालाएं नहीं बनाई जा सकती हैं। गोशालाओं से निकलने वाले द्रव्य व ठोस पदार्थों की वजह से सफाई कार्य बाधित होता है। अब जल्द ही शहर की गोशालाओं को शहर से बाहर एक नियत स्थानों पर शिफ्ट किया जाएगा। शहर में संचालित गोशालाओं के स्वामियों के साथ जल्द बैठक कर इसे लेकर रूपरेखा तैयार की जाएगी।