किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म, पुलिस ने दर्ज नहीं किया मुकदमा
पीड़िता के परिजनों ने एसपी से मिलकर की शिकायत
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हसायन (हाथरस)
हसायन (हाथरस)। क्षेत्र के एक गांव में किशोरी के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया है। तीन युवकों ने सप्ताह भर पहले एक किशोरी के साथ दुष्कर्म किया। परिजनों का आरोप है कि हसायन पुलिस इस मामले में मुकदमा दर्ज नहीं कर रही। किशोरी के परिजन इस मामले को लेकर एसपी ऑफिस गए और एसपी से कार्रवाई की मांग की। एसपी ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
किशोरी के पिता ने एसपी को दिए प्रार्थना पत्र में कहा है कि छह जनवरी को उसकी 14 वर्षीय बेटी जब शाम को छह बजे राशन की दुकान पर राशन लेने के लिए गई थी तो रास्ते में अरविंद और दीपक उसकी बेटी को खींचकर ले गए। वहां दीपक ने उसकी बेटी को कमरे में बंद कर दिया। वहां आरोपी दीपक, अरविंद और अरविंद के साले ने उसकी बेटी के साथ दुष्कर्म किया।
बाद में तलाशने पर उसकी बेटी उन्हें दीपक के घर में निर्वस्त्र हालत में मिली। किशोरी के पिता का आरोप है कि वह जब अपनी बेटी को लेकर कोतवाली हसायन गए तो वहां पुलिस ने उससे खाली कागज पर अंगूठा लगवा लिया। आज तक उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है। इस पर एसपी ने किशोरी के परिजनों को आश्वासन दिया कि पुलिस इस मामले में उचित कार्रवाई करेगी।