न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
सट्टे की खाईबाड़ी को रोकने में लापरवाही बरतने पर पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने सख्त रुख अपनाया है। एसपी ने एक दरोगा सहित चार पुलिस कर्मियों को निलंबित कर दिया है और हाथरस गेट के कोतवाली निरीक्षक को लाइन हाजिर कर दिया है। सीओ सिटी से भी स्पष्टीकरण मांगा है।
पिछले कुछ दिनों पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल को यह सूचना मिल रही थी कि हाथरस गेट थाना क्षेत्र के गांव रुहेरी में सट्टे की खाईबाड़ी हो रही है। इसे लेकर एसपी ने थाना पुलिस को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे, लेकिन थाना पुलिस ने इसमें ढिलाई बरती। इस पर एसपी ने एसओजी टीम और सर्विलांस टीम को गोपनीय रूप से वहां कार्रवाई करने के लिए भेजा तो एसपी द्वारा गठित टीम ने गांव रुहेरी में मौके से सट्टे की खाईबाड़ी करते हुए चार लोगों को पकड़ लिया।
इनमें गौरीशंकर, नौहबत सिंह, विष्णु व देवेंद्र निवासीगण रुहेरी शामिल हैं। इससे स्पष्ट हो गया कि इलाका पुलिस ने एसपी के निर्देश को गंभीरता से नहीं लिया। अब एसपी ने इस मामले में हाथरस गेट कोतवाली निरीक्षक मुनीशचंद्र को लाइन हाजिर कर दिया है। साथ ही हल्का इंचार्ज एसआई दिनेश सिंह, हेड कांस्टेबल अवनीश कुमार, कांस्टेबल सौरभ यादव व संजीव कुमार को निलंबित कर दिया है। पर्यवेक्षण में शिथिलता बरतने पर सीओ सिटी रुचि गुप्ता से भी स्पष्टीकरण मांगा गया है। संवाद