न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
प्रत्याशियों की घोषणा होने के बाद ही भाजपा में बगावत के सुर उठने लगे हैं। पूर्व ब्लॉक प्रमुख अमर सिंह पांडेय ने अपनी पत्नी को चुनाव लड़ाने की घोषणा की है। भाजपा ने यहां से रुखसाना रानी को उम्मीदवार बनाया है। हाथरस ब्लॉक प्रमुख पद सामान्य महिला के लिए आरक्षित है।
हाथरस के निवर्तमान ब्लॉक प्रमुख अमर सिंह पांडेय की पत्नी पूनम पांडेय को भाजपा ने अपना उम्मीदवार न बनाकर रुखसाना रानी को उम्मीदवार बनाया है। पूनम पांडेय टिकट मांग रही थीं और काफी मजबूती से दावेदारी की थी। पार्टी की स्थानीय कोर कमेटी ने उनका नाम भी भेजा था, लेकिन उनके स्थान पर पार्टी हाईकमान ने रुखसाना रानी को प्रत्याशी बनाया है।
इधर, टिकट न मिलने के बाद पूर्व ब्लॉक प्रमुख ने अपनी पत्नी को चुनाव लड़ाने की घोषणा की है। उन्होंने कहा है कि वह लंबे समय से पार्टी में हैं, लेकिन पार्टी ने उनकी पत्नी को टिकट नहीं दिया। इसी तरह से जिला पंचायत सदस्य के लिए चुनाव में उनके भाई को भी टिकट नहीं दिया था। उनका कहना है कि उन्होंने ब्लॉक प्रमुख के लिए पूरी तैयारी कर रखी है। अब यह संभव नहीं है कि चुनाव न लड़ा जाए, इसलिए उनकी पत्नी पूनम पांडेय चुनाव लड़ेंगी। उनकी पत्नी बृहस्पतिवार की सुबह 11 बजे विकास खंड कार्यालय पहुंचकर नामांकन करेंगी। पांडेय ने कहा है कि बहुमत उनके साथ है और उनकी पत्नी चुनाव जीतेंगी।