हाथरस: आरा मशीनों पर छापा मारती वन विभाग की टीम।
- फोटो : SIKANDHRA RAHU
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
अलीगढ़ और हाथरस वन विभाग टीम ने शुक्रवार की दोपहर को संयुुक्त रूप से ईदगाह रोड स्थित आरा मशीनों पर छापा मारा। टीम को छापे में आरा मशीन पर गूलर, शीशम, कटहल और आम की कटी हुई लकड़ियां मिलीं। दूसरी आरा मशीन पर सब कुछ ठीक ठाक मिला।
अलीगढ़ के एसडीओ सतीश कुमार, हाथरस के क्षेत्रीय वन अधिकारी आर ओझा ने पूरी टीम के साथ छापा मारा। लाइसेंसी रहमतुल्ला की मशीन पर बड़ी मात्रा में आम, कटहल, शीशम और गूलर के पेड़ों की मोटी पीठ बरामद की गई है। यहां जब लकड़ी काटने के परमिट मांगे गए तो कुछ आम की लकड़ी गंगीरी क्षेत्र के गांव शादीपुर के परमिट पर काटना दिखाया गया।
अधिकारियों ने कहा कि परमिट की जांच की जाएगी। कार्रवाई से कई आरा मशीन वाले मशीनें छोड़कर भाग गए। रहमतुल्ला के लाइसेंस पर आपत्ति आई कि इसका स्थान लाइसेंस में अन्य कहीं पर है और मशीन यहां लगी है। लाइसेंसी रहमतुल्ला यहां रहता भी नहीं है। इसके बाद पवन माहेश्वरी की मशीन पर छापा मारा गया। यहां पर स्टॉक रजिस्टर और अन्य कागजात खंगाले गए। जांच में सबकुछ ठीक पाया गया।