न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिले में लगातार कोरोना संक्रमित सामने आ रहे हैं। स्वास्थ्य परीक्षण के बाद कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है। बुधवार को सेठ हरचरण दास गर्ल्स कॉलेज में स्वास्थ्य विभाग ने शिविर लगाकर दुकानदारों की कोरोना की जांच कराई। जिले में पुलिसकर्मी सहित पांच लोगों के कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि हुई है।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से शिविर लगाकर लोगों की कोरोना की जांच की जा रही है। जिले में शिविर लगने से लगातार कोरोना संक्रमित सामने आ रहे हैं। पूर्व में हाथरस जंक्शन थाने में तैनात पुलिसकर्मी का नमूना लिया गया था, जोकि जांच के लिए भेजा गया था। बुधवार को पुलिसकर्मी के कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि हुई है।
प्रमुख मिठाई विक्रेता की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई थी। बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मिठाई विक्रेता के परिवार औैर घर में रहने वाले किरायेदारों की जांच कराई। परीक्षण के बाद तीन किरायेदारों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, जिसमें 53 वर्षीय व्यक्ति, 19 व 21 वर्षीय युवती शामिल है। नयाबांस निवासी 20 वर्षीय युवक की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। कोरोना संक्रमितों को उपचार के लिए कोविड अस्पताल भेजा गया है। संपर्क में आने वालों की सैंपलिंग की जा रही है।