न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देश पर कोतवाली में बाजार के दुकानदार, पेट्रोल पंप स्वामी और कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) के संचालकों की बैठक हुई। इन सभी को सुरक्षा नियमों की जानकारी दी गई। व्यापारियों से उनकी समस्याएं जानी गईं। अतिक्रमण हटाने की मांग पर सीओ ने स्पष्ट कर दिया कि पहले व्यापारी स्वयं अतिक्रमण हटाएं, उसके बाद पुलिस बाजार से अस्थायी अतिक्रमण हटवा देगी।
बता दें कि जिले में कुछ समय में व्यापारियों के साथ लूट की घटनाएं बढ़ी हैं। हालांकि पुलिस ने ज्यादातर मामलों का खुलासा कर दिया है, लेकिन भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसलिए व्यापारियों को सुरक्षा को लेकर आवश्यक जानकारी दी गई। व्यापारियों ने अतिक्रमण का मुद्दा उठाया। शिकायत की गई कि दुकानों के सामने ढकेल लगा ली जाती हैं, जिससे व्यापार पर बुरा असर पड़ रहा है।
सीओ सुरेंद्र सिंह ने स्पष्ट कर दिया अतिक्रमण तो व्यापारी खुद दुकान के आगे तख्त आदि डाल कर रहे हैं। देहात के लोग अक्सर बाइकों पर खरीदारी करने आते हैं इससे बाइकें दुकानों के सामने लग जाती हैं, जिससे बाजार में जाम की समस्या पैदा हो जाती है। व्यापारी दुकानों के सामने से तख्त आदि हटा लें। वह ढकेल आदि को हटवा देंगे।
पार्किंग को लेकर व्यापारियों ने प्रस्ताव रखा कि नगर के बाहर कोई पार्किंग बना दी जाएं, जहां ग्राहक अपनी बाइकें खड़ी कर बाजार में आएं। इसके लिए स्थान तलाशने को भी कहा गया। पेट्रोल पंप स्वामियों से आग्रह किया कि वे एकदम बड़ी रकम बैंक में जमा न कराएं। भले ही दिन दो, तीन बार बैंक जाना पड़े, लेकिन किश्तों में इस रकम को बैंक में पहुंचाएं। ऐसा करने से उनके साथ वारदात की संभावना कम हो जाएगी।
सीओ और इंस्पेक्टर क्राइम सत्यप्रकाश ने व्यापारियों को अहम जानकारी दीं। इस मौके पर विपिन वार्ष्णेय, संजीव जाखेटिया पुरदिलनगर, सुरेश आर्य पुरदिलनगर, मीरा माहेश्वरी, नीलम माहेश्वरी, पेट्रोल पंप स्वामी शरद गुप्ता, रवींद्र चौधरी, विनोद गुप्ता, नीरज वैश्य, गौरव वर्मा, राज वर्मा, विकास वार्ष्णेय, चंचल गुप्ता, सूरज वार्ष्णेय, बबलू सिसौदिया, विष्णु वार्ष्णेय, चाहत अली चाहत, अखिल वार्ष्णेय, रंजीत पौरुष, इरफान सैफी, प्रवीण कुमार डॉबी भाई, अभिषेक सभासद आदि मौजूद थे।