हाथरस: गत्ता फैक्टरी में लगी आग को बुझाते फायर ब्रिगेड के कर्मचारी।
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोतवाली सदर क्षेत्र के जूना वाला डंडा गोपीगंज स्थित गत्ता फैक्टरी में शार्ट सर्किट से आग लग गई। आग की लपटें उठते देख आसपास के लोगों की बेचैनी बढ़ गई। सूचना के बाद यहां पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग से हजारों का नुकसान बताया जा रहा है।
कोतवाली सदर क्षेत्र के प्रेम नगर कॉलोनी निवासी अतुल अग्रवाल पुत्र महावीर अग्रवाल की गोपीगंज चूना वाला डंडा में बीके कलर कैप के नाम से गत्ता की फैक्टरी है। रविवार की सुबह शार्ट सर्किट से अचानक फैक्टरी में आग लग गई। स्थानीय लोगों को जब फैक्टरी से आग की ऊंची लपटें दिखाई दीं तो अफरा-तफरी मच गई।
सूचना के बाद अतुल अग्रवाल मौके पर पहुंच गए। इस बात की जानकारी होते ही फायर ब्रिगेड भी मौके पर पहुंच गई। काफी कड़ी मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया। बताया जा रहा है कि यहां पर रखे कागज की कतरन में शॉर्ट सर्किट से आग लगने से हजारों का नुकसान हो गया।