न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
क्षेत्र के गांव बनवारीपुर में बुधवार को मामूली विवाद में दो पक्षों में मारपीट हो गई। इस दौरान किसी ने फायरिंग कर दी। फायरिंग होने से चारों तरफ भगदड़ मच गई। इसमें दोनों पक्ष के तीन लोग घायल हो गए। दूसरे पक्ष के एक युवक की हालत गंभीर होने के कारण उसे चिकित्सकों ने हाथरस जिला चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया है।
बनवारीपुर में मंगलवार की देर रात किसी बात को लेकर दो युवकों में कहासुनी हो गई थी। रात को गांव के लोगों ने दोनों को समझा-बुझाकर शांत कर दिया। बुधवार को गांव जगदेवपुर निवासी गजेंद्र सिंह उर्फ झंडू बनवारीपुर से अपनी शिक्षामित्र पत्नी को बुलाने के लिए जा रहा था। इसी दौरान चंद्र प्रताप उर्फ लोचू पुत्र भवतेंद्र सिंह से उसकी कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर दोनों में मारपीट हो गई। इसी बीच चंद्र प्रताप के पुत्र राजा ने अपनी रायफल से हवाई फायरिंग कर दी, जिससे भगदड़ मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दोनों पक्षों के घायलों को उपचार के लिए सीएचसी हसायन पर भेज दिया।
जहां से चंद्र प्रताप उर्फ लोचू की गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल भेज दिया। घटना के संबंध में किसी भी पक्ष ने कोई तहरीर नहीं दी है। इस संबंध में थानाध्यक्ष मृदुल कुमार सिंह ने बताया कि रात को किसी बात को लेकर दो युवकों में विवाद हो गया था। रात को विवाद शांत होने के बाद बुधवार को फिर से झगड़ा हो गया। एक पक्ष के लोगों ने लाठी डंडा से मारपीट कर घायल कर दिया गया है। घायल की हालत काफी गंभीर है। घटना के संबंध में किसी भी पक्ष के द्वारा कोई तहरीर नहीं दी गई है।