हाथरस : बुखार से मृत वल्लू का फाइल फोटो। संवाद
- फोटो : SIKANDHRA RAHU
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
नगर के मोहल्ला गौसगंज में बुखार से एक किसान की मौत के मामले को लोग भूले भी नहीं थे कि अब गांव कपसिया में बुखार से 26 वर्षीय युवक की अलीगढ़ में मौत हो गई। दोनों मौतों के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव और मोहल्ले में जाकर लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया और उन्हें दवाएं वितरित कीं।
बता दें कि एक दिन पूर्व नगर के मोहल्ला गौसगंज निवासी जयवीर सिंह की बुखार से मौत हो गई थी। कोतवाली के गांव कपसिया निवासी वल्लू पुत्र शफी मोहम्मद को कई दिन से बुखार आ रहा था। जब उसकी तबियत में सुधार नहीं हुआ तो वह अलीगढ़ के मलखान सिंह जिला चिकित्सालय में भर्ती हो गया। वहां भी हालत में सुधार न होने पर उसे अलीगढ़ के ही निजी अस्पताल ले जाया गया। बृहस्पतिवार को वहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। शुक्रवार को वल्लू का शव आते ही गांव में कोहराम मच गया।
क्षेत्र में बुखार से दो मौतों के बाद स्वास्थ्य विभाग में खलबली मच गई है। विभाग ने नगर के मोहल्ला गौसगंज और गांव कपसिया में टीम भेजकर लोगों का स्वास्थ परीक्षण कराया गया और उन्हें दवाएं वितरित की गईं। दोनों स्थानों पर एसीएमओ डॉ. विजेंद्र सिंह, सीएचसी प्रभारी डॉ. रजनेश यादव आदि थे। गौसगंज की नालियों में एंटी लार्वा दवा का छिड़काव कराया गया और फॉगिंग कराई गई। स्वास्थ कर्मी डॉ. मृदुल कमार जाजू, एलटी अरुण कुमार, राजकुमार, शैलेंद्र कुमार ने लोगों को बताया कि कूलरों और खाली बर्तनों में पानी एकत्रित न होने दें। अपने आसपास गदंगी न होने दें। संवाद