न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोरोना का टीका लगने के बाद शहर के एक नामचीन स्कूल के शिक्षक को बुखार आ गया। उसका कई दिनों तक परिजनों ने इलाज कराया और फिर मंगलवार की सुबह हालत ज्यादा खराब होने पर परिवार के लोग उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसकी मौत हो गई। डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजन शव को लेकर चले गए।
शहर के अलीगढ़ रोड स्थित एक स्कूल के शिक्षक ने करीब 10-12 दिन पहले कोरोना का टीका लगवाया था। जिला अस्पताल की इमरजेंसी में आए उनके बेटे ने बताया कि उनके पिता को कोरोना का टीका लगा था। वह तभी से बुखार और कमजोरी से परेशान थे।
बुखार की दवा भी दिलवा दी गई, लेकिन हालत में कोई सुधार नहीं हुआ। मंगलवार को अचानक से उनकी तबियत ज्यादा खराब हो गई और फिर उन्हें परिजन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां पर उन्हें डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। परिजन शव को लेकर अपने घर चले गए।