न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत सीएमओ डॉ. बृजेश राठौर के निर्देशन में सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर गर्भवती महिलाओं का महिला चिकित्सकों द्वारा परीक्षण किया गया। प्रमुख रूप से प्रसव पूर्व जांच की गई और उच्च जोखिम गर्भावस्था वाली महिलाओं को चिन्हित किया गया।
इस सिलसिले में अपर एसीएमओ डॉ. संतोष कुमार ने बताया कि सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर हर महीने की नौ तारीख को प्रधानमंत्री मातृ सुरक्षित अभियान मनाया जाता है। इसके तहत शनिवार को समस्त गर्भवती महिलाओं के हीमोग्लोबिन, बीपी की जांच, गर्भवती महिला की लंबाई एवं वजन, शरीर के तापमान की जांच, यूरिन की जांच, शुगर की जांच इत्यादि कर महिलाओं को सुरक्षित प्रसव के लिए सलाह भी दी गई।
इस मौके पर प्रधान मंत्री मातृ वंदना योजना के तहत प्रथम बार गर्भ धारण करने वाली महिलाओं को चिन्हित कर उनको प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना का लाभ दिलाने के लिए आशा कार्यकर्ताओं द्वारा फॉर्म भी भरवाए गए, ताकि उनको पांच हजार रुपये की सहायता राशि तीन किस्तों में मिल सके। एसीएमओ डॉ. संतोष कुमार, जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी सुचिका सहाय, अर्बन हेल्थ कोआर्डिनेटर पुष्पेंद्र सिंह ने अर्बन पीएचसी मधुगढ़ी की स्थिति भी देखी।