न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सादाबाद (हाथरस)
कोतवाली क्षेत्र के गांव महावतपुर में शनिवार को फायरिंग होने से खलबली मच गई। गांव निवासी पीड़ित व्यक्ति ने गांव के ही एक युवक पर आरोप लगाया है कि उसने उसके और उसके बेटे पर तमंचे से फायरिंग कर दी। हमले में पिता, पुत्र घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए सादाबाद सीएचसी लाया गया, जहां से एक को गंभीर हालत में आगरा रेफर कर दिया गया। घटना की तहरीर कोतवाली में दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
इस मामले में दिनेशचंद्र पुत्र रमेशचंद्र द्वारा कोतवाली में दी गई तहरीर में कहा गया है कि शनिवार को वह और उसका बेटा राजू अपने खेत पर बैठकर बातचीत कर रहे थे तो इस दौरान करीब साढ़े 11 बजे उसके ही गांव का एक युवक, जो कि पहले से उससे रंजिश मानता है, अचानक आया और गाली-गलौज करने लगा। जब उसने गाली देने से मना किया तो उसने तमंचा निकालकर जान से मारने की नीयत से उन दोनों पर फायर कर दिया, जिससे दोनों के हाथों और पिता की पीठ में गोली लगी है। जब उसने शोर मचाया तो यह युवक तमंचा लहराते हुए भाग गया। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। कोतवाल डीके सिसौदिया ने बताया कि घटना के संबंध में तहरीर मिल गई है। मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।